बंद मकान में ताले तोड़कर नगदी, जेवरात ले गए चोर
बेहट। ईद पर मिलने के लिए रिश्तेदारी में गए एक परिवार के बंद पड़े मकान के ताले तोड़कर चोरों ने नगदी और अन्य सामान सहित करीब दो लाख रुपये की कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। लौटने पर पीड़ित परिवार को घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पीड़ित की ओर से घटना से संबंधित तहरीर दी गई है।
मोहल्ला इंदिरा कालोनी निवासी अंसार अली और सलमान ईद पर मिलने के लिए रिश्तेदारी में गए थे। शुक्रवार रात चोरों ने चारदीवारी फांदकर मकान के ताले तोड़े और इसके बाद कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखी अलमारियों के ताले तोड़कर 10 हजार रुपये की नगदी, कुछ कीमती सामान एवं सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। नगदी सहित चोरी किए गए जेवरात और सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। सुबह जब यह परिवार लौटा तो अंदर के सभी ताले टूटे थे। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लाक भी टूटे मिले। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी की। पीड़ित की ओर से घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी गई है।