नारायणगढ़ (अंबाला)। दिनदिहाड़े हुडा चौकी से केवल 100 मीटर की दूरी पर खनन कंपनी के दो कर्मचारियों से बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर 20 लाख 50 हजार रुपये लूटने का प्रयास किया। इस दौरान आसपास मौजूद दुकानदारों व अन्य की बहादुरी के चलते आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देने में असफल रहे। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। हुडा सेक्टर-4 स्थित अंथिया खनन कंपनी में कार्यरत देवदत्त कौशिक और राजबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करीब तीन बजे कंपनी से बाइक पर सवार होकर 20 लाख 50 हजार रुपये बैंक में जमा करवाने जा रहे थे। रास्ते में विशाल अस्पताल के पास पहुंचने पर बाइक सवार दो नकाबपोशों ने उन्हें बाइक से गिरा दिया। इस दौरान नकाबपोशों ने रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया, लेकिन उसी वक्त कंपनी कर्मचारी मनमोहन व स्थानीय दुकानदार इकट्ठा हो गए। उन्हें देखकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में हुडा चौकी इंचार्ज गुरमेल ने बताया कि पीड़ित देवदत्त व राजबीर की शिकायत पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।