बंधक बनाकर कार लूट की सूचना पर दौड़ी पुलिस
सहारनपुर। कार चालक को बंधक बनाकर खेत में फेंककर बुलेरो पिकअप कार को लूटने की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने घटना की जांच की तो मामला नशे में कार को दुर्घटनाग्रस्त करने का पाया गया। पुलिस ने झूठी सूचना देने के आरोपी कार चालक को हिरासत में लिया है।
बुधवार की रात लगभग सवा बजे पुलिस को एक व्यक्ति ने सूचना दी कि थाना जनकपुरी क्षेत्र के ग्राम जमालपुरा के जंगल में चार बदमाशों ने उससे बोलेरो पिकअप गाड़ी लूट ली और उसके हाथ पैर बांधकर खेत में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि कार चालक कीचड़ में लथपथ, बदहवाश हुआ गांव खुर्द में प्रधान के पास पहुंचा और घटना के बारे में बताया। प्रधान ने पुलिस को जानकारी दी।
वायरलेस पर सूचना प्रसारित होते ही जनकपुरी थाना पुलिस, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक नगर तुरंत घटनास्थल की ओर दौडे़। जनकपुरी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार शर्मा तुरंत ग्राम खुर्द पहुंचे। उन्होंने कार चालक मुख्त्यार निवासी अल्लाह वाली गली, कमेला कॉलोनी, थाना मंडी से मामले की जानकारी की। पुलिस कार चालक को लेकर घटनास्थल पर पहुंची तो वहां पर वहां खेत में पेड़ से टकराई गाड़ी मौके पर खड़ी मिली।
पुलिस अधीक्षक नगर प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि चालक ने पुलिस को चार बदमाशों द्वारा बंधक बनाकर लूट की घटना की जानकारी दी। लेकिन पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो चालक ने बताया कि उसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उसने लूट की फर्जी सूचना अपने मालिक और मौके पर पुलिस के पहुंचने पर कार्रवाई के डर से पुलिस को दे दी। उन्होंने बताया कि झूठी सूचना देने वाले आरोपी मुख्तयार को हिरासत में लिया है।