कोपागंज। जेल जाने के दौरान अपनी पत्नी से गलत संबंध रखने की शंका में रवि प्रताप ने अपने ममेरे भाई सोनू का अपहरण कर गोली मारकर उसकी हत्या कर डाली। इसके बाद रवि ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर तमसा नदी के किनारे रेत में गाड़ दिया। परिवार वालों के साथ पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने सोनू के अपहरण और फिरौती मांगने का नाटक करता रहा। पुलिस ने गुरुवार को सोनू हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस ने हत्यारोपी का चालान अदालत में कर दिया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
21 अगस्त को कोपागंज क्षेत्र के सरवा गांव निवासी जयेंद्र सिंह उर्फ बाबू सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त अंधा मोड़ भीटी मऊ निवासी रवि प्रकाश साहनी को जेल भेज दिया गया था। रवि के जेल जाते ही उसकी बुआ का लड़का सोनू साहनी पुत्र जवाहिर साहनी निवासी कुर्थीजाफरपुर का रवि के घर आना जाना बढ़ गया। जब रवि जेल से छूटकर आया तो उसे अपनी पत्नी के व्यवहार में काफी परिवर्तन दिखा। उसे शंका हुई कि सोनू का उसकी पत्नी के साथ कुछ चक्कर चल रहा है। इसे लेकर वह परेशान रहने लगा। 23 फ़रवरी को सोनू साहनी मोबाइल की दुकान का सामान खरीदने जिला मुख्यालय गया लेकिन वापस नहीं लौटा। तीन दिन तक उसे इधर उधर घुमाने के बाद 25 फ़रवरी की रात को ही थाना दक्षिण टोला स्थित भदेसरा गांव के बगीचे में अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर रवि ने सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी । बाद में दोस्तों की मदद से शव को प्लास्टिक के बोरे में भर कोपागंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत सहरोज स्थित झझवा में तमसा नदी के किनारे रेत में गाड़ दी और रवि ने गुराह करने के लिए सोनू के नरकटिया में होने की झूठी कहानी सुना दी। सोनू का पिता 17 मार्च को एसपी से मिला और पूरी कहानी बताया। सर्विलांस प्रभारी विवेक और संजय ने 24 मार्च को सारी कॉल विवरण निकालकर पुलिस अधीक्षक को दिया। एसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोपागंज रामकृष्ण दिवेदी चौकी प्रभारी कुर्थीजाफरपुर अशोक कुमार कांस्टेबल मनोज सिंह अविनाश दुबे स्वाट टीम प्रभारी हरिश्याम सिंह अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर मुख्य आरोपी रवि प्रकाश साहनी को उसके घर से धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर 27 मार्च की रात में नदी के किनार से शव बरामद किया।पुलिस अभी रवि के दो अन्य साथियों की तलाश कर रही है। इस बावत सीओ अरशद जमाल सिद्दिकी का कहना है कि अभी जांच चल रही है।