सहारनपुर। जिले का माहौल ठीक होने के साथ ही पुलिस ने अब बवालियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुरुआत सड़क दूधली के बवाल से हुई और अब सिलसिला शब्बीरपुर तथा रामनगर का भी शुरू हो गया है। तीन दिन में सात लोगों की गिरफ्तारियां एवं नेताओं के गैर जमानती वारंट जारी हो चुके हैं।
जिले में 20 अप्रैल को सड़क दूधली के बवाल के बाद से लगातार बवाल होते चले गए। जिसके चलते जिले का माहौल नियंत्रण से बाहर हो गया। पुलिस ने पहले तो जिले के माहौल को धीरे-धीरे शांत किया। माहौल तेजी से सामन्य होने लगा, तो पुलिस ने बवालियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। शुरुआत सड़क दूधली के बवाल के मामले से हुई। पुलिस ने बवाल के आरोप में सांसद के ही करीबी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर बवालियों में खलबली मचा दी। दूसरे ही दिन सांसद के भाई समेत अन्य आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी करा दिए। जिससे एक बार फिर सड़क दूधली का मामला गरमा गया। बताया जाता है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए भूमिगत हो गए।
इसके बाद पुलिस ने शब्बीरपुर बवाल के विरोध में रामनगर में बवाल करने के दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। रविवार को पुलिस ने शब्बीरपुर के ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। फिर ग्राम चंदपुर में लोगों पर हमला कर एक की हत्या और अन्य को घायल करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि एसआईटी की टीम अब सभी मामलों की जांच कर रही है और पहचान करके तथ्य जुटाने के बाद गिरफ्तारी कर रही है। अब लगातार गिरफ्तारियां जारी रहेंगी।
तीन दिन में सात लोगों को पुलिस ने किया है गिरफ्तार