नकुड़ (सहारनपुर)। कार सवार पांच बदमाश हथियारों के बल पर खेत के रठान पर सो रहे किसान का अपहरण कर उसका ट्रैक्टर लूट ले गए। बदमाश किसान को खेत से करीब 10 किलोमीटर दूर मानकमऊ पुलिस चौकी के पास फेंकते हुए ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। पीड़ित किसान ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार की रात करीब 12 बजे गांव साहबा मजरा के किसान भोपाल सिंह अपने खेत के रठान पर सो रहे थे। बताया कि कार सवार पांच बदमाशों ने धावा बोल दिया और उसका ट्रैक्टर स्टार्ट कर ले जाने लगे। भोपाल सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर की आवाज सुनकर उसकी आंख खुली तो उसने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। जिसके बाद बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया तथा जबरदस्ती उठाकर कार में डाल दिया। इसके बाद बदमाश नकुड़ से होकर फंदपुरी चौकी के सामने से होते हुए सहारनपुर रोड पर स्थित मानकमऊ चौकी से करीब सौ मीटर पहले ही उसे फेंककर कार से फरार हो गए। पीड़ित किसान किसी तरह मानकमऊ पुलिस चौकी पहुंचा तथा घटना की बाबत जानकारी दी। सूचना पर किसान के परिजन तथा नकुड़ पुलिस भी मानकमऊ चौकी पहुंच गई। इसके बाद किसान को नकुड़ कोतवाली लाया गया। जहां पीड़ित किसान ने ट्रैक्टर लूट की तहरीर दी। उधर कोतवाल अमरदीप लाल ने बताया कि पुलिस जांच कर ही है। कार्रवाई की जाएगी।