वाहन चोर गिरफ्तार
सहारनपुर। दिल्ली और हरियाणा राज्यों से वाहन चोरी करने के मामले में पुलिस ने लेबर कालोनी से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के दो वाहन एवं तमंचा बरामद किए हैं।
कुतुबशेर पुलिस को मिली एक सूचना पर पुलिस ने शुगर मिल तिराहे पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रिजवान उर्फ नाटा निवासी चांद कालोनी बताया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के दो वाहन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि स्कूटी उसने यमुनानगर जगाधरी से चोरी की है जबकि मोटरसाइकिल को उसने दिल्ली से चुराया है।
कुतुबशेर थाना प्रभारी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी नाटा तीन बार यमुनानगर से वाहन चोरी के आरोप में, जबकि दो बार सहारनपुर से वाहन चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। आरोपी वाहन को चोरी करने के बाद कुछ दिन रेलवे स्टेशन पर खड़ा कर देता है। बाद में मौका पाते ही वहां से ले जाता है।