एसडीएम के नेतृत्व में आबकारी विभाग ने की छापामारी
देवबंद (सहारनपुर)। बाबूपुर नगली और सैनपुर के जंगल से आबकारी विभाग की टीम को अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। छापामारी की भनक लगते ही शराब माफिया फरार हो गए।
जिलाधिकारी पीके पांडेय के आदेश पर मंगलवार को एसडीएम रामविलास यादव के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने बाबूपुर नगली और सैनपुर के जंगल में छापामारी की। जहां टीम को गन्ने के खेतों में शराब की भट्टी चलती मिली। मौके से 3000 किलो लाहन, 3 भट्टी, 20 टीन के डिब्बे और 4 ड्रम समेत अन्य उपकरण भी बरामद हुए। एसडीएम के आदेश पर आबकारी निरीक्षक अनिल श्रीवास्तव ने बरामद लाहन को नष्ट करा दिया। जबकि शराब बनाने के उपकरणों को कब्जे में ले लिया गया। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि जहां-जहां भी अवैध शराब बनाने की शिकायत मिल रही है वहीं पर टीम छापामारी कर रही है। उधर, आबकारी विभाग की छापामारी के चलते अवैध शराब माफियाओं में खलबली मच गई।