देवबंद (सहारनपुर)। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर तीन लोगों ने एक व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपये हड़प लिए। आरोप है कि उक्त लोगों ने फर्जी वीजा देकर उसके साथ फर्जीवाड़ा किया है।
तलहेड़ी बुजुर्ग गांव निवासी शौकीन ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि हलगांव रामपुर मनिहारान निवासी मो. खुर्शीद, मोहसिन और नकुड़ के धौराला गांव निवासी हैदर खान से उसकी जान पहचान थी। जो लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। आरोप है कि 15 जून 2016 को उक्त लोगों से उसने ऑस्ट्रेलिया जाने की इच्छा जताई। जिस पर उन्होंने डेढ़ लाख रुपये में वहां का वीजा दिलाने को कहा। वह उनके झांसे में आ गया और अलग अलग तिथियों में उसने उन्हें डेढ़ लाख रुपये दे दिए। जिसके बाद उक्त लोगों ने उसे वीजा दे दिया। जब वह उसे लेकर अधिकारियों के पास पहुंचा तो पता चला कि वीजा फर्जी हैं। बाद में उसने उक्त लोगों से अपने पैसे वापस मांगें तो उन्होंने गाली गलौज करते हुए पैसे देने से इंकार कर दिया। पुलिस ने शौकीन की तहरीर पर तीनों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गाली गलौज को लेकर मारपीट, चार पर रिपोर्ट दर्ज
देवबंद। मोहल्ला पठानपुरा (बेरियान) निवासी गफूर अहमद ने कोतवाली में दी तहरीर में मोहल्ला लाम निवासी हसीम, हसीन और दो अन्य लोगों पर अकारण गाली गलौज करने तथा विरोध करने पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने गफूर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।