सहारनपुर। चोरी करके वाहनों का कटान करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक बोलेरो पिकप और काटी गई बोलेरो के पुर्जों के अलावा दो चाकू बरामद किए हैं।
सोमवार शाम लगभग साढ़े सात बजे सदर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि टेलीफोन एक्सचेंज के निकट चोरी के वाहन काटे जा रहे हैं। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया उपनिरीक्षक असगर अली एवं संजीव कुमार ने टीम के साथ घेराबंदी कर मौके से दो लोगों को दबोच लिया। उनके पास से एक बोलेरो पिकप एवं एक बोलेरो के पुर्जे बरामद हुए। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि बरामद की गई बोलेरो पिकप आरोपियों ने सहारनपुर के फतेहपुर कस्बे से गत सात अप्रैल की रात को चोरी की थी। गिरफ्तार आरोपी सद्दाम निवासी रोकू मुजाहिदपुर तथा सलमान मोहल्ला हुसैन बस्ती गली नंबर तीन थाना मंडी सहारनपुर का रहने वाला है।
एसपी सिटी ने बताया कि यह गैंग वाहनों को चोरी करके सुनसान स्थानों पर काटकर उनके पुर्जे करने के बाद मेरठ, दिल्ली एवं अन्य स्थानों पर बेच देता है। उन्होंने बताया कि सद्दाम पर थाना जगाधरी (हरियाणा) में एक मामला दर्ज है, जबकि सलमान पर देहरादून, जनकपुरी एवं देहात कोतवाली में गोहत्या समेत पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य मामलों के बारे में जानकारी कर रही है।