नकुड़ (सहारनपुर)। बिजलीघर में तैनात एसडीओ और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के दो लोग चोटिल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिजली विभाग के एसडीओ सचिन कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि शुक्रवार को वह अपने ऑफिस में उपभोक्ताओं के बिल संसोधन संबंधी कार्य कर रहे थे। शाम करीब चार बजे दो भाजपा नेता उनके कार्यालय में आ गए और चेकिंग रिपोर्ट पर हस्ताक्षर का दबाव बनाने लगे। एसडीओ का आरोप है कि उन्होंने बिना चेकिंग किए हस्ताक्षर करने से मना किया तो उक्त भाजपा नेता गाली गलौज करने लगे तथा विरोध करने पर गला पकड़कर धक्का देते हए मारपीट शुरू कर दी। उधर, दूसरे पक्ष के जितेंद्र राठी का आरोप है कि उन्होंने बिल ठीक कराने के लिए गत 18 मार्च को शपथ पत्र दिया था। शुक्रवार को उन्होंने बिल ठीक कराने हेतु एसडीओ से रिपोर्ट लगाने के लिया कहा, तो एसडीओ अभद्रता करने लगे और अन्य कर्मचारियों को बुलाकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरदीप लाल ने बताया कि घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।