किसान की हत्या में ताऊ के तीन बेटों सहित चार को नामजद कराया
नकुड़ (सहारनपुर)। किसान की हत्या के मामले में पिता ने अपने ही भाई के तीन बेटों तथा एक पोते को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या की वजह जमीन से जुड़ी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी है। मगर नामजद पकड़ में नहीं आ सके हैं।
गौरतलब है कि बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे गांव बाधी निवासी 40 वर्षीय किसान राकेश की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह खेत से ट्रैक्टर-ट्राली में गन्ना लादकर जंगल से गांव लौट रहा था। राकेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पिता इकपाल सिंह ने अपने बड़े भाई चरणसिंह के तीन पुत्रों बीरेंद्र, लाकेंद्र तथा सुंदर सहित बीरेंद्र के पुत्र सन्नी उर्फ विक्रांत को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, बृहस्पतिवार को जैसे ही राकेश का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा तो शोक छा गया। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया था। कोतवाल अमरदीप लाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या के कारणों के पीछे जमीन विवाद का प्रकरण बताया जा रहा है। पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।