सहारनपुर। गंगोह क्षेत्र में नकली नोटों की छपाई और सप्लाई का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने लखनौती बस स्टैंड के निकट से 1.13 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नकली नोट बनाने में प्रयोग किया गया कंप्यूटर एवं प्रिंटर भी बरामद किया है, जबकि आरोपी का साथी फरार हो गया।
बुधवार को पुलिस को गंगोह के लखनौती बस स्टैंड के निकट एक स्थान पर नकली की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि नकली करेंसी सप्लाई किए जाने की सूचना पर पुलिस ने लखनौती बस स्टैंड के निकट आरोपियों की घेराबंदी की और एक युवक को दबोच लिया। जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 1.13 लाख रुपये के पांच-पांच सौ के नकली 226 नोट बरामद किए। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लखनौती में एक मकान से एक कंप्यूटर एवं प्रिंटर भी बरामद किया, जबकि एक युवक फरार हो गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फाजिल निवासी ग्राम लखनौती बताया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
-------------
असली के बदले दोगुने नकली नोट देता था
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि पूछताछ पर गिरफ्तार आरोपी फाजिल ने बताया कि वह अपने भागे हुए साथी सावेज निवासी मिर्जा वाली गली ग्राम लखनौती के साथ मिलकर उसके घर पर लैपटाप एवं प्रिंटर की मदद से नकली नोट छापता था। वह लोगों से असली करेंसी लेकर दोगुनी नकली करेंसी देता था। वे दोनों लखनौती अड्डे पर नकली करेंसी खेप देने के लिये आए थे।
------------
-- देहरादून भेजते थे नकली नोट
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि आरोपी फाजिल ने बताया कि वे एक सप्ताह से ही नकली नोट छापने का काम कर रहे थे और नकली नोटों की सप्लाई देहरादून कर रहे थे। पुलिस सप्लाई लेने वाले लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।