छुटमलपुर (सहारनपुर)। कसबे में पति संग सामान लेने आई महिला से एक ठग ने कुछ सुंघा कर तीन हजार रुपये की नगदी और सोने के कुंडल ठग लिए। करीब 15 मिनट बाद महिला को होश आया। तब तक ठग पकड़ से दूर जा चुका था। इसके बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पड़ोसी जनपद हरिद्वार के थाना भगवानपुर के गांव डाडा फरकपुर निवासी राजीव सैनी अपनी पत्नि सोनिया सैनी के साथ छुटमलपुर में सामान खरीदने आया था। राजीव के अनुसार वह अपनी पत्नी को ज्योति किरण चौक पर खड़ा करके साइकिल ठीक कराने चला गया। कुछ देर बाद लौटा तो उसकी पत्नी बेहोश पड़ी थी। उसने पानी के छींटे मार कर उसे उठाया तो उसने बताया कि एक युवक उसके पास आया था। उसने डाक्टर का पता पूछा इसके बाद उसे कुछ पता नहीं चला। शायद उसने उसे कुछ सुंघाया था। होश में आने के बाद महिला ने देखा तो उसके पास से तीन हजार रुपये की नगदी और कान के सोने के कुंडल गायब थे। इसके बाद दंपति ने थाने पहुंच तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, एसओ एमपी सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है फिर भी जांच की जा रही है।