युवक से 49 हजार रुपये की ठगी
जानसठ। पंजाब नेशनल बैंक शाखा में पैसे जमा कराने आए एक युवक को वहां मौजूद दो ठगों ने दो लाख रुपये का लालच देकर उससे 49 हजार रुपये ले उड़े। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। गांव खलवाड़ा निवासी दीपक पुत्र दीवान सोमवार को अपने खाते में 49 हजार रुपये जमा कराने के लिए बैंक में कैश काउंटर पर पहुंचा। इसी दौरान वहां मौजूद दो ठगों ने दीपक से अपने दो लाख जमा करने के लिए कहा, मगर दीपक ने उन्हें मना कर दिया। इसके बाद ठग का एक साथी दीपक को किसी बहाने से कैश काउंटर से लेकर बैंक के बाहर आया और उसे 49 हजार के बदले दो लाख रुपये देने की बात कही। ठग का दूसरा साथी इसके लिए तैयार नहीं हुआ, तो उसके साथी ने उसे 50 हजार देकर विश्वास जमाया। दोनों ठगों ने कागज की गड्डी के ऊपर और नीचे दो हजार का नोट लगा रखा था, तभी दोनों ठग दीपक को झांसा देकर फरार हो गए। इसके बाद वहां पर मौजूद पुलिसकर्मी को इस बात की जानकारी दी गई। पीड़ित ने अज्ञात में ठगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है।