बेहट (सहारनपुर)। कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव रंडौल के पास मंगलवार की रात चार बदमाशों ने आरएसएस के जिला शारीरिक प्रमुख शिवमोहन की कनपटी पर तमंचा सटाकर मोबाइल लूट लिया था, लेकिन बदमाशों ने उनका मोबाइल वापस कर दिया और यह कहकर भाग निकले, कि उन्हें किसी और को पकड़ना था। इससे पूर्व बदमाशों ने एक बाइक सवार प्राइवेट चिकित्सक को लोहे की रॉड से हमला कर रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बाइक भगाकर बच निकला। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ एवं पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका।
घटना बुधवार रात करीब आठ बजे की है। रंडौल गांव निवासी आरएसएस के जिला शारीरिक प्रमुख शिवमोहन खाना खाने के बाद रजबहे की पटरी पर टहल रहे थे। तभी पीछे से चार बदमाश आए और उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर उनका मोबाइल छीन लिया। बकौल शिवमोहन बदमाशों ने तुरंत उनका मोबाइल वापस कर दिया और यह कहकर वहां से भाग निकले कि, उन्हें किसी और को पकड़ना था। इसके बारे में किसी को कुछ ना बताए। इसके बाद उन्होंने गांव में सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। बदमाशों की तलाश में कांबिंग की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। ग्रामीणों ने बताया कि उन से पूर्व चार बदमाशों ने गांव रावासौली निवासी प्राइवेट चिकित्सक अंकित कुमार को भी चलती बाइक पर रॉड से हमला कर रोकने का प्रयास किया। रॉड उसकी बांह पर लगी, लेकिन उन्होंने बाइक नहीं रोकी और बाइक दौड़ाकर बच कर भाग निकले।