देवबंद (सहारनपुर)। युवती के साथ गैंगरेप का प्रयास किए जाने के मामले में पुलिस ने पांच युवकों के विरुद्ध एससी/एसटी समेत अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि बृहस्पतिवार को उसकी बहन ताऊ की बेटी के साथ खेत में गई थी। आरोप है कि इस दौरान वहां पहले से मौजूद लबकरी गांव निवासी शाहरुख, दानिश, तंजीम, अजीम और शाहिब ने उसे दबोच लिया तथा जबरन खेत में खींचकर ले गए और मारपीट करते हुए उसके साथ गैंगरेप का प्रयास किया। इतना ही नहीं बाहर खड़ी ताऊ की बेटी ने जब शोर मचाया तो उक्त युवकों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान शोर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग उनकी तरफ दौड़े तो वह तमंचा दिखाकर वहां से फरार हो गए। शुक्रवार को पुलिस ने पांचों युवकों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल अभिषेक सिरोही का कहना है कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच सीओ कर रहे हैं।
दो माह पूर्व लापता हुई युवती बस अड्डे से बरामद
देवबंद। करीब दो माह पूर्व घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई युवती को पुलिस ने नगर के सहारनपुर मुजफ्फरनगर बस स्टैंड से बरामद कर लिया है।
असदपुर करंजाली गांव निवासी पवन सैनी की बेटी शिवानी करीब दो माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन उसका पता न चलने पर कुछ दिनों बाद पुलिस ने गुमशुदगी को अपहरण की धारा में तरमीम कर दिया था। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार को पुलिस ने शिवानी को उस समय नगर के बस अड्डे से बरामद कर लिया। जब वह कहीं जाने की फिराक में थी। पुलिस का कहना है कि युवती का मेडिकल कराया जा रहा है। उसके बाद उससे पूछताछ की जाएगी।