सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती ने अपने पड़ोस के ही एक युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म किए जाने तथा पकड़े जाने पर उसके साथ निकाह कर छोड़ कर भाग जाने का आरोप लगाया है।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती अपने परिजनों के साथ पुलिस ऑफिस पहुंची। युवती ने आरोप लगाया कि 12 दिसंबर 2017 को पड़ोस में रहने वाला एक युवक रात में उसके घर घुस आया। आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। जिस पर मोहल्ले एवं बिरादरी के लोग एकत्रित हो गए। रात में ही पंचायत हुई और समाज के लोगों ने रात में ही उसका निकाह आरोपी के साथ करा दिया। उसने आरोप लगाया कि निकाह के बाद उसने 20 दिन का समय मांगा उसे अपने घर ले जाने के लिए। लेकिन उसके बाद आरोपी उसे लेने के लिए नहीं आया। जब आरोपी से इस बारे में बात की गई तो वह अपनी बात से मुकर गया और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने युवती को अपने साथ ले जाने से इंकार कर दिया। इस मामले की सूचना उन्होंने कुतुबशेर थाना क्षेत्र को दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस संबंध में युवती ने एसएसपी को ज्ञापन देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।