देवबंद (सहारनपुर)।। संविदा विद्युतकर्मी द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के मामले में उसकी बहन ने कोतवाली में तहरीर दी है। उसने विद्युत निगम के एक अधिकारी पर वेतन की मांग करने पर भाई को जबरन जहर देने का आरोप लगाया है।
मोहल्ला पत्थर का कुआं निवासी अलका अग्रवाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका भाई विनीत दिव्यांग है जो विद्युत निगम में संविदा पर कार्य करता है। आरोप है कि उसे पिछले करीब छह माह से वेतन नहीं मिला। आरोप लगाया कि जब भाई ने निगम अधिकारी से वेतन की मांग की तो उसके साथ गाली गलौज की गई। जिसके चलते विनीत पिछले काफी दिनों से परेशान रहता था। अलका का आरोप है कि 4 फरवरी को उक्त अधिकारी ने उसे कार्यालय बुलाया था। काम करने के बाद विनीत ने उक्त अधिकारी से वेतन की मांग की तो वह गुस्से में आ गया और जान से मारने की नीयत से उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया गया। जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई। जानकारी मिलने उन्होंने विनीत को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते उसे रेफर कर दिया। विनीत के भांजे शुभम अग्रवाल का कहना है कि उसके मामा के हालत नाजुक है जिसके चलते उसे मुजफ्फरनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया हुआ है। अलका ने पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उक्त अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली मकान में घुसी, चालक फरार हुआ
अमर उजाला ब्यूरो
देवबंद। त्रिवेणी शुगर मिल में गन्ना लेकर जा रहा ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर शुगर मिल कालोनी के एक मकान में जा घुसी। गनीमत रही कि इसमें कोई चोटिल नहीं हुआ। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
मंगलवार की शाम एक सेंटर से गन्ना लेकर आ रही ट्रैक्टर ट्राली शुगर मिल चौराहे पर अचानक अनियंत्रित होकर मिल कालोनी के एक मकान की दीवार तोड़ती हुई भीतर घुस गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वह मकान में चीनी मिल कर्मचारी ऋषिपाल का है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ट्रैक्टर किसका है यह जानकारी की जा रही है।