लाइनमैन से मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर। अर्पित विहार में विद्युत निगम के लाइनमैन से मारपीट करने वाले आरोपी को थाना जनकपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर एसके दुबे ने बताया कि अर्पित विहार निवासी सरोज बाला पत्नी बलबीर सिंह पर विद्युत निगम का बिजली का बिल बकाया था। शुक्रवार को टीपीनगर स्थित बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन सुरेंद्र कुमार अधिकारियों के निर्देशानुसार कनेक्शन काटने गया था। वह जब पोल से कनेक्शन काटकर नीचे उतरा था तो सरोज बाला के पुत्र अमित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया था। सूचना पर जेई अजय कनौजिया मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए थे। हमलारोपियों के खिलाफ थाना जनकपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।