गागलहेड़ी। रविवार की रात कार्पोरेशन बैंक में चोरों ने साइड वाली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश करते हुए स्ट्रांग रूम को कटर से काटने की कोशिश की, हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो सके। बैंक में चोरी का यह तीसरी कोशिश है। दिन निकलने पर बैंक में चोरी के प्रयास का पता चला तो हड़कंप मच गया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
मुजफ्फरनगर रोड स्थित कार्पोरेशन बैंक में रविवार रात चोर साइड की दीवार को तोड़कर अंदर घुसे और वहां चोरी की कोशिश की। चोरों ने बिजली के कटर से स्ट्रांग रूम को भी काटने की कोशिश की, जिसमें वे सफल नहीं हो सके। चोरों ने जिस जगह पर दीवार में सेंध लगाई है, वहां पहले भी दो बार सेंध लगाकर चोरी की कोशिश की जा चुकी है। बैंक मैनेजर दिवेश कुमार राजन ने बताया की सुबह जब बैंक स्टाफ ने बैंक का ताला खोला तो दीवार में सेंध लगने का पता चला। चोरों ने बैंक की बिजली का इस्तेमाल करते हुए कटर से स्ट्रांग रूम को काटने की कोशिश की, लेकिन वे उसमें सफल नहीं हो सके। उन्होंने बताया की चोरों ने बैंक के सायरन की भी वायर काट दी और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ भी छेड़छाड़ की, लेकिन बैंक का सभी सामान सुरक्षित है।
बैंक की तीन तरफ से साइड खाली होने और घास, झाड़ियां खड़ी होने के कारण चोर आसानी से इसमें सेंध लगा लेते हैं। बैंक में चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया की बैंक की सुरक्षा को देखते हुए कई बार साइड़ो और पीछे की तरफ कैमरे लगाने को कहा गया है, लेकिन बैंक स्टाफ इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पुलिस को मौके से कुछ अहम जानकारी और सबूत मिले हैं। जल्द ही चोर पकड़ लिये जाएंगे।