मरीज से अवैध वसूली पर जवाब तलब
सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में एक बार फिर से इलाज के नाम पर वसूली करने का मामला सामने आया है। मामले में एडीएम-प्रशासन द्वारा जवाब मांगे जाने के बाद से अस्पताल में हड़कंप की स्थिति है। सीएमओ ने मामले में जांच बैठा दी है।
सात जुलाई को बबीता नाम की महिला जिला अस्पताल में भर्ती हुई थी। महिला का आरोप है कि अस्पताल में उससे पांच हजार रुपये इलाज के नाम पर लिए गए। इसके बाद उसे रेफर भी कर दिया। महिला ने यह बात अपने रिश्तेदार एक अधिकारी को बताई। इसके बाद अधिकारी ने एडीएम-प्रशासन को फोन कर मामले की जानकारी दी। एडीएम-प्रशासन एसके दुबे ने मामले में सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी से जवाब मांगा है। सीएमओ ने मामले में चिकित्सकों और स्टाफ से पूछताछ की है। जिसके बाद से अस्पताल में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में जांच भी बिठाई गई है।
उधर, सीएमओ डा. बीएस सोढ़ी का कहना है कि एक मरीज ने जिला अस्पताल में पांच हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। मामले में एडीएम-प्रशासन का फोन आया था। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।