सहारनपुर। नागल से बुधवार शाम से लापता युवक का शव बृहस्पतिवार सुबह पेपर मिल रोड पर रेलवे ट्रेक पर पड़ा मिला। पुलिस मान रही है कि ट्रेन के कटने से उसकी मौत हुई है। हालांकि परिजनों का आरोप है कि हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। युवक की बाइक और मोबाइल अब तक नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुुटी है।
नागल निवासी सुशांत वालिया (27 वर्ष) पुत्र अशोक वालिया बुधवार शाम बाइक से निकला था। देर रात तक तलाश करने के बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार सुबह लगभग आठ बजे पेपर मिल रोड सहारनपुर में रेलवे ट्रेक पर उसका शव पड़ा हुआ मिला। ट्रेन से कटकर सुशांत की मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी शनाख्त कराने का प्रयास किया। जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पिता, भाई सोनू एवं अन्य लोग पहुंचे।
भाई ने आरोप लगाया कि सुशांत की किसी ने हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया है। उसके पास न तो मोबाइल मिला और न ही उसकी बाइक ही मिली है। सुशांत गाड़ी चलाने का काम करता था। उसके तीन साल का एक बेटा है। पुलिस मान रही है कि सुशांत ने पारिवारिक कारणों से खुदकुशी की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।