सहारनपुर। बाइकर्स गैंग ने एक बार फिर खुलेआम महिला के साथ लूट की घटना को अंजाम दे डाला। बच्चों के साथ ई-रिक्शा से घर लौट रही महिला को घंटाघर से कोर्ट रोड पुल की ओर जा रही सड़क पर बाइक सवार दो बदमाशों ने बैग लूट लिया और फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया, लोगों ने पीछा किया लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सके।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवीन नगर निवासी श्रुति सोमवार की शाम को नेहरू मार्केट से खरीददारी कर अपने घर नवीन नगर लौट रही थीं। जब वह घंटाघर से कोर्ट रोड पुल की ओर ई-रिक्शा में बैठकर अपने बच्चों के साथ आ रही थी तो उसी समय एक बाइक पर दो युवक तेजी से उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके हाथ से बैग छीन लिया। बैग छीन कर आरोपी कोर्ट रोड की ओर भाग गए। जिस पर उन्होंने शोर मचा दिया। बच्चे भी रोने लगे। जिस पर भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने आरोपियों का पीछा किया। सूचना पर पहुंची लैपर्ड ने भी आरोपियों को तलाश किया। लेकिन आरोपी किसी के हाथ नहीं आ सके। इस मामले में महिला ने सदर कोतवाली में तहरीर दी है।