सहारनपुर। सड़क दूधली में सराफ की दुकान में घुसकर कुछ लोगों ने सराफ के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने दुकान में लूटपाट का भी प्रयास किया। पुलिस ने मामला आपसी विवाद में मारपीट का बताया है।
मंगलवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे सड़क दूधली में देहरादून रोड स्थित सराफ रोहित वर्मा की दुकान में कुछ लोग जबरन घुस गए। आरोप है कि लोगों ने सराफ रोहित वर्मा के साथ मारपीट की तथा लूटपाट का भी प्रयास किया। जिस पर हंगामा मच गया। मौके पर भीड़ लग गई। सराफ की दुकान में लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में एक बार फिर हड़कंप मच गया। जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और रोहित से घटना के बारे में जानकारी ली। जनकपुरी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि सड़क दूधली में लूट की सिर्फ अफवाह ही है। आपसी विवाद के चलते दुकानदार और कुछ लोगों में मारपीट हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।