नानौता (सहारनपुर)। छुट्टी के बाद घर जा रहे एक छात्र पर कुछ बाहरी शरारती तत्वों ने बीच सड़क पर हमला बोल दिया। इसके बाद छात्रों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे कॉलेज अध्यापकों ने छात्र को छुड़वाकर हमलावरों को हड़काते हुए मामले को शांत कराया।
किसान सेवक इंटर कॉलेज में पिछले दो दिनों से छात्र गुटों के बीच संघर्ष का मामला चला आ रहा है, जिसमें बृहस्पतिवार की सुबह इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले 12वीं कक्षा के छात्र अथर पुत्र चौधरी हारून निवासी बाबूपुरा के साथ चार अज्ञात नकाबपोश लड़कों द्वारा डंडों और सरियों से हमलाकर घायल कर दिया गया था। इसके चलते शुक्रवार को एक अन्य छात्र पर कुछ लड़कों ने उस समय हमला किया जब वह कॉलेज से बाहर निकल रहा था। शोर शराबे की आवाज सुनकर मौके पर पीटीआई अध्यापक मंजीत सिंह पुहंचे। उन्होंने छात्र को हमलावरों से छुड़वाते हुए शरारती लड़कों को धमकाया। इसी दौरान दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में कॉलेज प्रधानाचार्य राजपाल सिंह का कहना है कि मामला स्कूल की छुट्टी के बाद का है लेकिन फिर भी मामले की जानकारी कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, थाना पुलिस ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।