महिलाओं को प्रदर्शन के लिए उकसाने वाले चिह्नित
देवबंद (सहारनपुर)। एसडीएम रामविलास यादव ने कहा कि जातीय हिंसा के कारण जनपद में धारा 144 लागू है। जिस कारण किसी भी तरह के प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। यदि शरारती तत्व माहौल बिगाडने का प्रयास करेंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने रविवार को पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्र में धारा 144 का सख्ती से पालन कराएं। सीओ सिद्वार्थ सिंह ने कहा कि एसडीएम कोर्ट पर पिछले दो दिनों से महिलाओं को उकसाकर प्रदर्शन करने वाले लोग चिह्नित किए गए हैं। इनसे सख्ती के साथ निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के लोग किसी भी व्यक्ति के बहकावे में न आएं।
बैठक में कोतवाल पंकज त्यागी, एसएसआई पंकज धामा समेत सभी चौकियों के प्रभारी मौजूद रहे। बता दें कि पिछले दो दिनों से दलित समाज की महिलाओं ने भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण की गिरफ्तारी के विरोध में एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। जिसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए धारा 144 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।