गंगोह (सहारनपुर)। दुकान में चोरी का प्रयास कर रहे एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। लोगों ने आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मुख्य मार्ग पर बड़ा हनुमान मंदिर की मार्केट में प्रवीण कुमार की लोहे के सामान की दुकान है। व्यापारी ने बताया कि बुधवार दोपहर दुकान पर दो युवक सामान लेने आए, लेकिन बिना कुछ लिए ही चले गए। इसके बाद दोनों युवक फिर से दुकान पर आए। तब वह दुकान के बाहर बैठा था। एक युवक उसके साथ बातचीत करने लगा और दूसरा दुकान के गल्ले के पास चला गया। युवक गल्ले से नगदी निकालने का प्रयास करने लगा। तभी उसकी नजर युवक पर पड़ गई और उसने शोर मचा दिया। लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।