चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा, नौ ट्रैक्टर बरामद
मुजफ्फरनगर। चरथावल पुलिस ने ट्रैक्टर चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी के नौ ट्रैक्टर बरामद किए हैं। आरोपी के दो साथी फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपी चोरी किए गए ट्रैक्टरों को फर्जी कागजात से औने-पौने दामों में बेच देते थे।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में बुधवार को प्रेसवार्ता करते हुए एसपी देहात अजय कुमार सहदेव ने बताया कि मंगलवार को एसएचओ विंध्याचल तिवारी टीम के साथ दधेडू चौकी पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर लेकर आ रहे दधेड़ू कलां निवासी नफीस पुत्र अब्बास को शक के आधार पर रोककर उससे ट्रैक्टर की बाबत पूछताछ की, तो उसने संबंधित कागजात पुलिस को दे दिए। पुलिस के अनुसार जब उक्त कागजात चेक करने पर ट्रैक्टर चोरी का पाया गया, जिस पर नफीस को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ में नफीस ने अपने फरार साथियों के नाम मेरठ के भावनपुर थाना क्षेेत्र के गांव नंगला राई निवासी जावेद व शामली के थानाभवन क्षेत्र के गांव भैंसानी निवासी पप्पू बताया। आरोपी की निशानदेही पर गांव में ही छिपाकर रखे हुए चोरी के आठ ट्रैक्टर और बरामद कराए। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी नई दिल्ली समेत कई जगह से ट्रैक्टरों को चोरी कर लाते थे, जिनके यहां फर्जी कागजात तैयार कराने के बाद उन्हें औने-पौने दामों में बेच दिया करते थे।