बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। सीमावर्ती बुग्गावाला थाना क्षेत्र के बंजारेवाला क्षेत्र से खनन सामग्री लेकर आ रहे पांच डंपरों को पुलिस ने बिहारीगढ़ में घुसते ही पकड़ लिया। कांटा कराया सभी ओवरलोड मिले। पुलिस ने सभी से जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया। इस दौरान खनन के कारोबार में जुटे लोगों में खलबली मची रही।
जिलाधिकारी सहारनपुर सहित पुलिस के उच्च अधिकारियों ने खनन के परिवहन की अनुमति इस शर्त पर दे रखी है कि किसी भी वाहन में क्षमता से अधिक वजन का ढुलान ना किया जाए, लेकिन खनन कारोबारी प्रशासन के निर्देशों को ताक पर रखकर ओवरलोड खनन सामग्री का ढुलान कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार सुबह सात बजे एसएसआई सुदेश कुमार ने रोडवेज चेकपोस्ट के पास खनन से भरे पांच डंपर पकड़े। वजन कराया तो सभी ओवरलोड पाए गए। थानाध्यक्ष बिहारीगढ़ एमपी सिंह ने बताया कि पकडे़ गए सभी खनन के वाहनों से पांच पांच हजार रुपये शमन शुल्क (जुर्माना) वसूल कर छोड़ दिया गया। सभी खनन के वाहन उत्तराखंड के बंजारेवाला स्टोन क्रेशर जोन से आ रहे थे।