सहारनपुर। दो साल से गैंगस्टर में वांछित चल रहे 15 हजार के इनामी को पुलिस ने तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी डकैती मामले में पहले भी जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस को ग्राम लखनौती में शराब के ठेके के पास वांछित चल रहे आरोपी के होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी कर ली और उसे दबोच लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी ने अपना नाम मोनू उर्फ मोहित निवासी ग्राम डूंगर, थाना फुगाना, मुजफ्फरनगर बताया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया बदमाश मोनू उर्फ मोहित पहले भी 2015 में डकैती के मामले में जेल भेजा जा चुका है। उसके पास से डकैती का माल भी बरामद किया गया था। वर्ष 2016 में उस पर गैंगस्टर लगी थी। तभी से वह वांछित चल रहा था। बाद में उस पर 15 हजार का भी इनाम घोषित किया गया था।