सहारनपुर। मोहल्ला जनकपुरी निवासी सहजमा खां ने अपनी बेटी के ससुरालियों पर उसकी बेटी को करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने अपनी बेटी के बच्चों को भी करंट लगाकर हत्या करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
सहजमां खां का आरोप हैं कि उसकी बेटी तबस्सुम की शादी मोहल्ला खान आलमपुरा निवासी नवाब के साथ हुई थी। उसके दो बेटे अदनान (15 वर्ष) तथा अमान (11 वर्ष) हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नवाब के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध हैं। जिसके चलते नवाब उसकी बेटी तबस्सुम को छोड़ने के लिए उसे परेशान करना शुरू कर दिया। नवाब ने अपनी मां, बहन तथा छोटे भाई के साथ मिलकर कई बार तबस्सुम के साथ मारपीट की। उससे कहता था कि उसकी सरकारी नौकरी है, इसलिए तबस्सुम उसके लायक नहीं है। 20 जुलाई 2017 को नवाब ने तबस्सुम को जबरन जहर पिलाने का प्रयास किया। उसके बेटे अदनान ने देख लिया और हाथ मारकर जहर नीचे गिरा दिया। जब इस मामले में जिम्मेदार लोगों ने नवाब और उसके परिवार को आड़े हाथ लिया तो उन्होंने माफी मांग ली और आइंदा ऐसा न करने का विश्वास दिलाया। 4 अगस्त को लगभग सवा आठ बजे अदनान ने उन्हें फोन करके बताया कि तबस्सुम की हालत खराब है। जब उन्होंने तबस्सुम को ससुराल जाकर देखा तो वह बेसुध हालत में पड़ी हुई थी। उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नवाब और उसके परिजनों ने बताया कि अचानक ही बेसुध होकर गिर गई थी।
बच्चे काफी डरे हुए थे। उस समय तो कुछ नहीं बताया, लेकिन बाद में जब उन्हें पूछा गया तो उन्होंने बताया कि तबस्सुम की नवाब और अन्य लोगों ने करंट लगाकर हत्या कर दी है। उनकी भी खूब पिटाई की और उन्हें धमकी दी है कि किसी को कुछ कहा तो उन्हें भी करंट लगाकर मार देंगे।
इस संबंध में सहजमा खां ने एसएसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने तथा बच्चों की सुरक्षा प्रदान कराए जाने की मांग की है।