बेहट/साढ़ौली कदीम(सहारनपुर)। दहेज के लिए विवाहिता की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं रस्सी का निशान मिटाने के लिए गले की खाल को गरम चिमटे से बुरी तरह जलाया गया। इसके बाद भी वह नहीं मिटा तो एसिड डाल दिया गया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली बेहट के नानौली गांव में रविवार की रात शहजादी (23) पत्नी राकिब की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह दिन निकलते ही उसकी ससुराल के लोग शव का अंतिम संस्कार करने की फिराक में थे, इसी बीच किसी ने शहजादी के मायके वालों को खबर कर दी। मायके के लोग बेहट पुलिस को सूचना देने के बाद नानौली पहुंचे तो मृतका का पति मौके से फरार हो गया। पुलिस भी शव को देखकर हैरान रह गई। मृतका के गले पर बने रस्सी के निशान को मिटाने के लिए चिमटा गरम कर गले की खाल को बुरी तरह से जलाया गया था। इसके बाद उस पर तेजाब डालकर जलया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए ले गई। उधर पुलिस ने मायके वालों के आरोप लगाने पर मृतका की सास को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई। मृतक विवाहिता के पिता मन्नान निवासी गांव दौलतपुर थाना चिलकाना की तहरीर पर पुलिस ने पति राकिब और सास नूर इलाही के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मन्नान ने बताया कि उसने दो साल पहले अपनी बेटी शहजादी की शादी नानौली गांव में राकिब के साथ की थी। शादी के बाद से उसकी बेटी को कम दहेज लाने के लिए परेशान किया जाने लगा था। कुछ दिन पहले उसकी बेटी को बेरहमी से पीटा गया। पता लगने पर जब वह नानौली पहुंचा तो आरोप है, कि उसके दामाद ने अपनी मां और भाई के साथ मिलकर उसकी भी कमरे में बंद कर पिटाई की थी। बाद में नानौली ग्राम प्रधान द्वारा फैसला करा दिया गया था, लेकिन ढाई महीने पहले जब शहजादी ने बेटी को जन्म दिया तो उसे फिर से ताना दिया जाने लगा और दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और अब उसकी हत्या कर दी गई।
पिता की हत्या का भी आरोपी है राकिब
पत्नी की हत्या का आरोपी राकिब चार साल पहले अपने पिता मुस्तकीम की हत्या के आरोप में भी जेल जा चुका है। बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि राकिब ने अपने पिता की सोते समय कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। पहले पिता और अब पत्नी की हत्या का आरोपी राकिब बेहद शातिर बताया गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए है।