तितावी। थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर कलां में पुरानी रंजिश के चलते कपड़ा व्यापारी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर घायल व्यापारी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
अलीपुर कलां निवासी बबली ने पुलिस को बताया कि उसका पति कपड़ा व्यापारी है। पड़ोसी दो सगे भाइयों हैप्पी और शुभम से उनके परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है, जो अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा करने पर उतारू रहते हैं।
सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसका पति कपड़े बेचने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान गांव में पहले से बैठे आरोपी दोनों भाइयों ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में उसका पति घायल होकर बेहोश होकर गिर पड़ा।
आरोपी उसे मरा समझकर भाग गए। परिजनों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघरा पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तितावी थाना पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है। संवाद