चांदपुर। खेल खेल में दोस्त ने 13 साल के किशोर के पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू लगने से घायल हुए बालक की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर पुलिस ने आरोपी किशोर, उसके पिता समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव हीमपुर बुजुर्ग निवासी मोहम्मद नईम का बेटा सानिब (13) रविवार की शाम 7:45 बजे दुकान पर सामान ले गया। दुकान के पास ही सानिब को उसके 15 वर्षीय दोस्त ने साथ खेलने के लिए रोक लिया। खेलते खेलते आरोपी किशोर ने सानिब के पेट में चाकू घोंप दिया। सानिब की मां राजिया ने बताया कि चाकू लगते ही सानिब चिल्लाते हुए भागने लगा।
कुछ ही दूर पर बेहोश होकर गिर पड़ा। उधर से गुजर रहा सानिब का तहेरा भाई गांव के डाॅक्टर के पास ले गया। हालत गंभीर देखते हुए चांदुपर अस्पताल लाए, जहां से बिजनौर के लिए रेफर कर दिया। घायल की मां ने बताया कि अभी भी सानिब की हालत ठीक नहीं है।
उधर घायल के पिता मोहम्मद नईम ने तहरीर देकर आरोपी किशोर, उसके पिता समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए पुलिस से कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।