शामली/झिंझाना। झिंझाना थाना पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक किलो 263 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 50 पारदर्शी पॉलिथीन पाउच बरामद किए।
पुलिस ने बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत दो करोड़ 52 लाख 60 हजार रुपये बताई है। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि रविवार रात में झिंझाना पुलिस ने सूचना के आधार पर गांव अगड़ीपुर वाले रास्ते पर बंद पड़े क्रशन के निकट से मादक पदार्थ तस्कर सरफराज उर्फ धौला निवासी गांव घाटमपुर थाना नकुड़ जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक किलो 263 ग्राम स्मैक पिट्ठू बैग, इलेक्ट्रॉनिक कांटा व 50 पारदर्शी पाउच पॉलिथीन बरामद हुई।
एसपी के मुताबिक आरोपी सरफराज उर्फ धौला ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह अपने साथी साबिर निवासी गांव इस्सोपुर खुरगान थाना कैराना के साथ जनपद बरेली गया था, वहां से उन्होंने गुड्डू निवासी बरेली से स्मैक खरीदी। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को बरेली से सस्ते में खरीदकर शामली व आसपास के क्षेत्रों में फुटकर में मुनाफे में बेचने का धंधा करता था। एसपी ने बताया कि इससे पहले आरोपी तीन बार सहारनपुर से जेल जा चुका है। उस पर झिंझाना, सहारनपुर के थाना गंगोह व नकुड़ थाने पर सात मुकदमे दर्ज हैं।