सहारनपुर। गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो चुकी है। ऐसे में खिलाड़ी अपने-अपने पसंदीदा खेल की बारीकियां सीख रहे हैं। महानगर की एकेडमियों में क्रिकेट की नई पौध तैयार हो रही है, जहां सुबह व शाम बड़ी संख्या में खिलाड़ी प्रैक्टिस के लिए आ रहे हैं।
महानगर में छह से अधिक क्रिकेट एकेडमी संचालित हो रही है। भूतेश्वर इंटर कॉलेज, ग्वालिरा रोड, इस्लामिया इंटर कॉलेज, बाजोरिया इंटर कॉलेज आदि मैदान इस समय नन्हें क्रिकेटरों से गुलजार है। इन एकेडमियों में खिलाड़ी सुबह से क्रिकेट की बारीकियों को सीखने और प्रैक्टिस के लिए पहुंच जाते हैं। दो सत्र सुबह पांच बजे से तो शाम को चार बजे से इन एकेडमियों में प्रैक्टिस होती है। क्रिकेट के प्रति दीवानापन ऐसा है कि छोटे खिलाड़ियों के साथ अभिभावक भी उन्हें कई किलोमीटर दूर से प्रैक्टिस कराने के लिए आते हैं।
- बोले क्रिकेटर
- बेहट अड्डा निवासी कासिम ने बताया कि उन्हें बॉलर बनना है। उनके पसंदीदा गेंदबाज मोहम्मद सिराज है। उनका बॉलिंग स्टाइल पसंद है। बल्लेबाजी में उन्हें रोहित शर्मा बेहद पसंदीदा खिलाड़ी है।
- इंदिरा काॅलोनी निवासी प्रिंस ने बताया कि स्कूल की छुट्टियों में प्रैक्टिस अच्छे से हो जाती है। इधर-उधर समय व्यतीत करने की बजाय प्रैक्टिस पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। इसीलिए सुबह छह बजे एकेडमी में पहुंच जाते हैं।
- न्यूगोपाल नगर निवासी लक्ष्य का सपना ऑल राउंडर बनना हैं। बल्लेबाजी में उन्हें विराट कोहली और गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह पसंद है। उन्हीं को आदर्श मानकर प्रैक्टिस करते हैं, जिससे उनकी तरह खेल में नाम रोशन हो सके।
- न्यू गोपाल नगर निवासी संकल्प ने बताया कि वह गेंदबाज बनना चाहते हैं। इसके लिए वह नियमित प्रैक्टिस करते हैं। उन्हें रोहित शर्मा का बैटिंग स्टाइल बेहद पसंद है।