बेहट। गोकशों ने गांव रतनपुर कल्याणपुर निवासी राहुल कश्यप की गाय को चोरी कर पास के गांव टोली के जंगल में ले जाकर काट दिया। घटना को लेकर हिंदू संगठनों व पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। एक एसआई के यह कहने पर कि राम राज थोड़ा ही है, गाय कट गई तो कट गई। इसको लेकर हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों व पुलिस के बीच खूब नोकझोंक हुई।
राहुल कश्यप ने बताया कि शनिवार रात उनकी गाय चोरी कर ली गई। सुबह होने पर इसका पता चला, जिसके बाद वह गाय की तलाश करते हुए पड़ोसी गांव टोली के जंगल में पहुंचे।
यहां एक खेत में उसकी गाय के अवशेष पड़े मिले। मुंह व खाल से गाय की पहचान की गई। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद के विभाग से सह मंत्री मनीष योगाचार्य व बजरंग दल के प्रांत ब्लोपासना प्रमुख हरीश कौशिक कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के समक्ष हिंदू संगठनों ने लगातार हो रही गोकशी की घटनाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की।
आरोप है कि इस पर कोतवाली में तैनात एक एसआई ने टिप्पणी कर दी कि राम राज थोड़ा ही है, गाय कट गई तो कट गई। कार्रवाई कर दी जाएगी। इस पर हिंदू संगठनों के लोग भड़क गए। उनकी पुलिस के साथ नोकझोंक हुई।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि गोकशी की घटनाओं को रोकने में नाकाम बेहट पुलिस गोरक्षकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की बजाय धार्मिक भावनाओं को हाथ करने वाली टिप्पणी कर रही है। उन्होंने कहा कि गोकशी की घटनाओं और आरोपी एसआई के खिलाफ पुलिस के आला अधिकारियों से मिलकर शिकायत की जाएगी।
वहीं, पुलिस ने बताया कि मृत गोवंश के अवशेष जेसीबी से गड्ढा खोदाई कराकर दबवा दिए। गाय मालिक की तरफ से तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।