नागल। गांव सरसीना में चोरों ने मोहित के मकान को निशाना बनाते हुए 50 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी का पता सुबह लगा। इसके बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। चोरी की घटना से ग्रामीणों में रोष है।
गांव सरसीना निवासी मोहित कुमार हरिद्वार में एक निजी कंपनी में नौकरी करता हैं। शनिवार रात वह घर पर नहीं था, जबकि उसका परिवार नीचे के कमरे में सो रहा था। इसी दौरान देर रात चोर मकान की ऊपरी मंजिल में घुस गए और वहां रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर अलमारी में रखी लगभग 50 हजार रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। परिजनों के अनुसार चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब आठ लाख रुपये है। सुबह जब परिवार के लोगों ने ऊपर जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और नकदी व जेवर गायब थे। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
नकुड़ में मस्जिद के गल्ले से रुपये चोरी : नगर की जामा मस्जिद से चोर ने गल्ले उखाड़कर नकदी चोरी कर ली। चोरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के आधार पर जांच में जुटी है। जामा मस्जिद कमेटी के सदस्य मोहम्मद अली ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सुबह करीब 10 बजे एक अज्ञात युवक मस्जिद में दाखिल होता है और मस्जिद में रखे गल्ले के साथ छेड़खानी करता है। आरोप है कि उक्त चोर ने जामा मस्जिद में रखे गल्ले को उखाड़कर उसमें रखे करीब 10-12 हजार रुपये चोरी कर भाग गया।
बताया कि चोरी की घटना मस्जिद व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी कैमरे में एक युवक मस्जिद से निकलता दिखाई दे रहा है। नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन शाहनवाज खान ने थानाध्यक्ष से मिलकर चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।