सहारनपुर। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत कोर्ट रोड पुल पर जो नवनिर्माण होना है, उसके लिए पुल का एक हिस्सा तोड़ा जाएगा, जो आधुनिक तकनीक से होगा। इसे नाम दिया गया है डायमंड कटिंग टेक्नोलॉजी। इस तकनीक में विशेष मशीन का प्रयोग होगा, जिससे पुल का उतना ही हिस्सा काटा जाएगा, जो ट्रेनों के आवागमन के लिए जरूरी होगा। बाकी पुल को नहीं छेड़ा जाएगा।
इसको लेकर तैयारियां तेजी से हो रही हैं। पुल के जिस हिस्से को काटा जाना है, उस पर निशान भी लगा दिया गया है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे निर्माण एजेंसी के अधिकारियों की मानें तो, कोर्ट रोड पुल का करीब 09 मीटर का हिस्सा काटा जाना है। पुल की कटिंग करने से लेकर उसी हिस्से पर नया निर्माण कराने में करीब दो महीने का समय लगना है। इसके चलते कोर्ट रोड पुल पर वाहनों का आवागमन भी बंद रखा जाएगा। पूर्व में एक फरवरी से कोर्ट रोड पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद की जानी थी, लेकिन दिल्ली रूट पर रोडवेज बसों का संचालन अंबाला रोड बस अड्डे से होने के कारण अभी कोर्ट रोड पुल को बंद नहीं किया गया। क्योंकि उससे पहले अस्थायी बस अड्डे की व्यवस्था की जानी है, जिसके लिए दिल्ली रोड पर कांशीराम कालोनी के पास जगह चिह्नित की गई है, लेकिन वहां पर शौचालय, पेयजल आपूर्ति, यात्री शेड, बेंच आदि व्यवस्थाएं होने में अभी समय लगेगा।
पहले ही तैयार करा लिया जाएगा बॉक्स
पुल की कटिंग होने के साथ ही वह हिस्सा (बॉक्स) भी तैयार किया जाएगा, जो काटे गए हिस्से में लगाया जाना है। अलग अलग टुकड़ों में तैयार नए बेस को उसमें फिट किया जाएगा। उसमें इस बात का भी ख्याल रखा जाएगा कि पुल पर सड़क का स्तर प्रभावित ना होने पाए।
सीवर लाइन भी की जाएगी शिफ्ट
कोर्ट रोड पुल पर यह नवनिर्माण खलासी लाइन रोड की तरफ से रोडवेज कार्यशाला की तरफ वाले मार्ग पर होना है। क्योंकि इसी हिस्से पर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के लिए ट्रेनों का आवागमन होगा। उस हिस्से पर पुरानी सीवर लाइन भी आ रही है। इसलिए नई सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई का कार्य आरंभ हो गया है। सीवर लाइन में डालने के लिए पाइप मंगा लिए गए हैं। यह सीवर लाइन रेलवे इंस्टीट्यूट से ढमोला नदी तक डाली जानी है।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत कोर्ट रोड पुल पर नवनिर्माण जल्द ही शुरू होगा। डायमंड कटिंग टेक्नोलॉजी से पुल का निर्धारित हिस्सा काटा जाएगा। -- डॉ. रमन चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी, एल एंड टी कंपनी