ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत
बेहट। कलसिया-फतेहपुर रोड पर बुबका गांव में तिराहे पर ट्रैक्टर ट्राली ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। भीड़ ने ट्रैक्टर-ट्राली के चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हादसा मंगलवार की दोपहर में करीब दो बजे हुआ। उत्तराखंड के थाना भगवानपुर क्षेत्र के मंडावर निवासी अजीत (25) पुत्र समे सिंह अपनी पत्नी नेहा के साथ शाकंभरी देवी दर्शन करने के लिए जा रहे थे। अजीत का भाई सुधीर व भाभी सपना भी अलग बाइक पर थे। बुबका गांव के पास सुधीर की बाइक तो आगे निकल गई और अजीत पीछे रह गया। बुबका में तिराहे पर कलसिया की तरफ से तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अजीत व नेहा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने बताया, कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलते ही हादसे की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-------------------------------
-इंसेट के लिए प्रस्तावित
30 नवंबर को हुई थी दंपती की शादी
बुबका में सड़क हादसे में मारे गए नव विवाहिता दंपती की 30 नवंबर को शादी हुई थी। मृतक के भाई सुधीर ने बताया कि शादी के बाद पहली बार उसका भाई पत्नी को लेकर मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने के लिए जा रहा था। पता नहीं ऐसा कौन सा अपराध हुआ, जो माता रानी ने उनका सब कुछ छीन लिया। दंपति की मौत के बाद उनके घर में कोहराम मचा है।