सहारनपुर। परिषदीय विद्यालयों को खोलने के आदेश के बाद विभागीय और विद्यालय स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है, लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग और सीबीएसई स्कूल अभी ठंडे पड़े हैं। इसकी प्रमुख वजह माध्यमिक शिक्षा विद्यालयों और सीबीएसई स्कूलों के लिए कोई आदेश जारी नहीं होना है। हालांकि कुछ माध्यमिक विद्यालयों ने अपने स्तर से कक्षों में साफ-सफाई कराना शुरू कर दिया है।
अपर मुख्य सचिव रेणुका सिंह ने पांच फरवरी को महानिदेशक स्कूल शिक्षा को पत्र लिखा था, जिसमें कक्षा छह से आठ के लिए दस फरवरी से तथा कक्षा एक से पांच के लिए एक मार्च से विद्यालय खोलने के आदेश दिए हैं। इसके बाद परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से प्रधानाध्यापकों को कक्षों की साफ सफाई कराने, कक्षों को सैनिटाइज कराने, विद्यालय खुलने पर कक्षों में सोशल डिस्टेंसिंग बनाने, हाथों को धुलने के लिए हैंड सैनिटाइजर खरीदने और मास्क लगाना अनिवार्य रखने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक के लिए दस फरवरी से कक्षाएं संचालित करने को लेकर अभी तक कोई तैयारी नहीं है। जिला विद्यालय निरीक्षक और प्रधानाचार्य लिखित आदेश का इंतजार कर रहे हैं। सीबीएसई स्कूलों की भी यही स्थिति है। प्रधानाचार्यों का कहना है कि जब तक सीबीएसई स्कूलों के लिए जिला प्रशासन या बोर्ड से कोई पत्र नहीं आ जाता, तब तक कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।
बोले प्रधानाचार्य
- एसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि अभी तक जिला विद्यालय निरीक्षक का कोई पत्र नहीं आया है। फिर भी कॉलेज की अपनी तैयारी है। कक्षों को सैनिटाइज करने के लिए हाथ से चलाई जाने वाली मशीन खरीदी गई है।
- एसएएम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार काकरान ने बताया कि विद्यालय पहले से कक्षा नौ और 12 के लिए खुल रहे हैं। कक्षा छह से आठ के लिए यदि दस फरवरी से विद्यालय खुलते हैं तो वह तैयार हैं। मगर अभी विभागीय आदेश नहीं मिला है।
- पाइनवुड पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. संजीव जैन का कहना है कि जब तक जिला प्रशासन या फिर बोर्ड से कोई आदेश सीबीएसई स्कूलों के लिए नहीं आता है, तब तक दस फरवरी से स्कूल नहीं खोले जाएंगे। बाकी कोरोना से निपटने की तैयारी पूरी है।
बोले अधिकारी
अपर मुख्य सचिव के द्वारा महानिदेशक स्कूल शिक्षा को लिखा गया पत्र प्राप्त हुआ है। इसके आधार पर हम कक्षा छह से आठ के लिए दस फरवरी से तथा कक्षा एक से पांच के लिए एक मार्च से विद्यालय खोलने को तैयार हैं। कोविड-19 से बचाव के लिए शासन के दिशा निर्देशों का पालन भी होगा।
रमेंद्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।
माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक की कक्षाओं के संचालन के संबंध में अभी शासन से कोई पत्र नहीं मिला है। जैसे ही माध्यमिक विद्यालयों के लिए आदेश मिलेगा तो कक्षाएं संचालित कराई जाएंगी।
डॉ. अरुण कुमार दूबे, जिला विद्यालय निरीक्षक।
नेशनल पब्लिक स्कूल में कक्षा की सफाई कराती शिक्षिका- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर पब्लिक स्कूल के बाहर कोविड-19 से बचाव का संदेश देने को लगाए गए बैनर।- फोटो : SAHARANPUR
डॉ.संजीव जैन।- फोटो : SAHARANPUR
धर्मेंद्र कुमार शर्मा।- फोटो : SAHARANPUR
रमेंद्र कुमार सिंह, बीएसए।- फोटो : SAHARANPUR
सरस्वती विहार स्कूल को सेनेटाईज करते कर्मी- फोटो : SAHARANPUR