एसडीएम के भांजे सहित आठ लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव
सहारनपुर/बेहट/सरसावा। एसडीएम बेहट दीप्ति देव के भांजे समेत आठ लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एसडीएम और स्टाफ के पांच सदस्यों को होम क्वारंटीन किया गया है। आठ संक्रमितों में तीन लोग उस परिवार के हैं, जिसमें कोरोना से पहली मौत हुई थी।
एसडीएम का भांजा सोमवार शाम करीब चार बजे दिल्ली से बेहट तहसील लौटा था। खांसी और बुखार की शिकायत के चलते एसडीएम उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे, जहां उसका कोरोना सैंपल लिया गया। रात करीब 12 बजे रिपोर्ट पॉजिटिव आने से परिवार की चिंता बढ़ गई। भांजे को राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नितिन कंदवाल ने बताया कि एसडीएम समेत उनके स्टाफ के पांच लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। मंगलवार को सात और लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें तीन लोग नवीन नगर के हैं। यह उस परिवार के हैं, जिसमें तीन दिन पहले कोरोना से मौत हुई थी। इनमें 12 वर्ष, 14 वर्ष और 39 वर्ष का व्यक्ति शामिल है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने से परिवार में हड़कंप की स्थिति है। एक व्यक्ति सरसावा का रहने वाला है, जो सहकारी गन्ना समिति सरसावा का पूर्व चेयरमैन है। एक व्यक्ति शहर के मोहल्ला आली की चुंगी और एक नकुड़ का रहने वाला है। यह सभी संपर्क में आने की वजह से संक्रमित हुए हैं। वहीं एक संक्रमित देवबंद के एक उद्यमी का भतीजा है, जो सोमवार को हापुड़ से लौटा था, उसे बुखार और खांसी की शिकायत थी। इस पर उसे आइसोलेट किया गया और सैंपल जांच के लिए भेजे गए। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके अलावा छह लोगों की छुट्टी भी हुई है। इनमें चार राजकीय मेडिकल कॉलेज और दो फतेहपुर सीएचसी स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती थे। वहीं, जनपद में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 460 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 375 मरीज ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 84 एक्टिव मरीज हैं।