सहारनपुर। सहारनपुर में चार और प्रवासियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से तीन नोएडा और एक दिल्ली से लौटा था। चारों को तुरंत क्वारंटीन सेंटर से कोविड-19 में शिफ्ट किया गया।
शनिवार की शाम आई रिपोर्ट में चार नए मामले सामने आए। इनमें तीन लोग नोएडा से लौटे थे, जिनमें से एक युवक शारदानगर, दो गंगोह के बिलासपुर और एक नकुड़ के गांव दौराला का रहने वाला है। इस गांव में पहले भी चार लोग पॉजिटिव निकल चुके हैं। दौराना का रहने वाला युवक अपने साथियों के साथ दिल्ली से लौटा था। चारों युवक आईपीटी स्थित क्वारंटीन सेंटर में रखे गए थे। रिपोर्ट आने के बाद चिकित्सा विभाग ने चारों का कोविड-19 सेंटर में शिफ्ट किया है। साथ ही उनके संपर्क में आए परिजनों को भी क्वारंटीन किया जा रहा है। सैंपलिंग करने की भी बात कही जा रही है। पता चलते ही संबंधित गांव के लोगों में दहशत की स्थिति है। ग्रामीणों ने पूरे गांवों को सैनिटाइज कराने की मांग की है। जनपद में अब कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 274 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 235 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वर्तमान में 39 एक्टिव मरीज हैं।
दो की छुट्टी, दो कोविड-2 में शिफ्ट
सरसावा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में बने कोविड-19 सेंटर में भर्ती कोरोना मरीजों में से दो की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। कॉलेज सूत्रों ने बताया कि दो कोरोना मरीजों को अन्य कोविड-19 सेंटर से मेडिकल कॉलेज के कोविड-2 सेंटर में शिफ्ट किया गया है।