गंगोह/ देवबंद (सहारनपुर)। जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की तादाद थमी हुई है। तेजी से रिपोर्ट संक्रमितों की नेगेटिव आ रही है और वे डिस्चार्ज किए जा रहे हैं। क्वारंटीन सेंटर भी खाली होते जा रहे हैं। गंगोह क्वारंटीन सेंटर में अब कोई नहीं रह गया है। वहीं, देवबंद में भी दो मई से कोई नया केस नहीं आया है। जो क्वारंटीन में थे, उनकी सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है।
गंगोह में 14 कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। यहां चार हॉट स्पॉट बनाते हुए चार सौ से अधिक लोगों को तीन सेंटरों पर क्वारंटीन किया। यहां से चरणबद्ध तरीके से लोगों को डिस्चार्ज किया जाता रहा। मंगलवार की रात में 116 लोगों को डिस्चार्ज किया। इनमें 98 लोग बाहर के जमाती थे, उन्हें कार्यकारी चेयरमैन नोमान मसूद, रालोद नेता हाजी सलीम, नदीम की सपुर्दगी में दिया। सीएचसी इंचार्ज रोहित वालिया ने बताया केवल एक व्यक्ति सेंटर पर बचा था, उसे भी बुधवार को छुट्टी दे दी। अब यहां कोई क्वारंटीन नहीं है।
देवबंद सीएचसी अधीक्षक डॉ. इंद्राज सिंह ने बताया लॉकडाउन आरंभ होने से लेकर अब तक देवबंद में 923 लोगों के सैंपल लिए थे, जबकि 456 लोगों को नगर में बने पांच क्वारंटीन सेंटरों में 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया। इनमें से अब 112 लोग ही क्वारंटीन सेंटर में भर्ती हैं। इनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है। उन्हें जल्द ही घर भेज दिया जाएगा। बताया कि कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा नगर में 94 पर जा पहुंचा था जो अब घटकर 14 रह गया है। बताया कि दो मई से देवबंद में कोई नया केस सामने नहीं आया है।