सहारनपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सरकार की गाइड लाइन ने शादियों की तैयारी में जुटे आयोजकों को सांसत में डाल दिया है। आयोजकों से लेकर होटल, बैंक्वेट हाल संचालक तक बेचैन हैं। इसी सप्ताह 25 नवंबर को शहर में 750 शादियों की बुकिंग है। आयोजन सिमटने और पाबंदियां बढ़ने पर मुश्किलें बढ़ गई हैं। बैंडबाजा, डीजे, डेकोरेशन, टेंट, फूल सजावट सहित अन्य तरह की बुकिंग से जुड़े लोग भी असमंजस में हैं।
कार्ड तक बांट दिए, अब मेहमानों को देने पड़ रहे संदेश
- शहर के बड़तला यादगार निवासी राजीव कुमार, दिल्ली रोड निवासी अखिलेश सैनी, राधा विहार निवासी अशोक कुमार, पंजाबी बाग निवासी प्रमेंद्र सिंह सहित काफी लोग हैं, जिनके परिवार में 25 से 29 नवंबर के बीच शादियां हैं। इन्होंने बताया कि 200 लोगों की अनुमति के हिसाब से कार्ड बंट चुके हैं। अब मेहमानों को फिलहाल न आने की बात कहना मुश्किल हो रहा है। फोन पर, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क किया जा रहा है।
400 शादियों की बुकिंग लेने वाले 150 तक सिमटे
- पंजाब बैंड के संचालक शाहनवाज हीरा और गफ्फार बताते हैं कि कोरोना काल से पहले 400 से अधिक शादियों की बुकिंग रहती थी। अब 150 तक ही सिमट गए हैं। पहले 55 हजार रुपये की बुकिंग थी। अब 18 से 25 हजार रुपये तक है। एडवांस पेमेंट भी पूरी नहीं मिलती है।
धूम धड़ाका नहीं तो फिर क्या होगी शादी
- डीजे संचालक हर्ष आहुजा और विकास पाहवा ने बताया कि व्यवसाय तो पहले ही सिमट गया है। कुछ बुकिंग हैं, यदि डीजे और बैंडबाजे पर पाबंदी लगी तो बहुत मुश्किल होगी। वैसे भी धूम धड़ाका नहीं होगा तो कैैसी शादी।
शादियों के लिए 15 दिसंबर तक मिलनी चाहिए छूट
- रिसॉर्ट संचालक सुभाष चोपड़ा ने कहा कि अचानक नए निर्देशों से दिक्कत बढ़ी है। 15 दिसंबर तक छूट मिलनी चाहिए थी और आयोजन स्थल के क्षेत्रफल के अनुरूप संख्या रखने का विकल्प मिलना चाहिए था। उनके यहां 3000 लोग सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शामिल हो सकते हैं, 100 लोगों की अनुमति न के बराबर है। इसी कारण 30 से ज्यादा एडवांस बुकिंग निरस्त हुई हैं। होटल संचालक चिराग, ऋषभ सहित अन्य ने कहा कि वेडिंग इंडस्ट्री को फिर से झटका लगने वाला है। अप्रैल से जून तक ही 300 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित हो चुका है।
साज सजावट वाले भी मायूस
- शादियों में दूल्हे की गाड़ियों से लेकर पंडाल में फूलों और अन्य सजावट करने वाले इकराम और फैयाज ने बताया कि पहले एक कार को सजाने के लिए 1500 रुपये लेते थे। अब एक हजार रुपये मुश्किल मिल रहे हैं।
25 नवंबर से 14 दिसंबर तक
- 25 नवंबर को देवोत्थान एकादशी सेे सहालग शुरू हो रहा है, जिसमें 14 दिसंबर तक शादियां हैं। शुभ तिथियों में 25 के अलावा 26, 27, 30 नवंबर, एक, छह, सात, आठ, नौ, 11, 13 और 14 दिसंबर बताया जा रहा है।
शहर में कारोबार की स्थिति
- होटलों की संख्या -- 27
- बैंक्वेट हाल -- 65
- रिसॉर्ट -- -- पांच
- फार्म हाउस - -- 17
- अन्य आयोजन स्थल - -- 12
- होटल और बैंक्वेट हाल में शादी - -- तीन से पांच लाख रुपये तक
- रिसॉर्ट और फार्म हाउस में शादी - --आठ से 10 लाख रुपये तक
- अभी तक शादी में अनुमति - -- 200 लोगों की
- बदली गाइडलाइन में अनुमति - --100 लोगों तक
- प्रमुख बैंड वाले - -- आठ
- प्रमुख डीजे वाले - --32
विकास पाहवा डीजे संचालक- फोटो : SAHARANPUR
अंबाला हाईवे स्थित रिसॉर्ट के संचालन सुभाष चोपड़ा।- फोटो : SAHARANPUR
अंबाला हाईवे पर शादी के लिए सजा पांडाल।- फोटो : SAHARANPUR
शहर के एक होटल में मेहमानों के लिए सजा सभागार।- फोटो : SAHARANPUR
जीपीओ रोड स्थित होटल पर सजा शादी का पांडाल।- फोटो : SAHARANPUR
फूलों की सजावट करने वाला इकराम।- फोटो : SAHARANPUR
बोमनजी रोड़ पर लगा फुल बाजार- फोटो : SAHARANPUR