सहारनपुर। जनपद से कोरोना संक्रमण तेजी से कम हुआ है, जो सभी के लिए राहत की बात है। आंकड़ों की बात करें तो बीते दस दिन में कुल 230 लोग संक्रमित मिले हैं। प्रतिदिन मिलने वाले संक्रमित लोगों का आंकड़ा 50 या उससे पार नहीं पहुंचा है।
कोरोना की दूसरी लहर ने सहारनपुर में भी खूब कहर बरपाया है। पहली लहर में जहां 136 लोगों की मौत हुई थी, वहीं दूसरी लहर के दो माह में 309 लोगों की जान कोरोना से चली गई। दूसरी लहर में सहारनपुर में एक दिन में 1431 तक संक्रमित लोग मिले, मगर बीते करीब 15 दिन से कोरोना समाप्ति की ओर है। शासन और प्रशासन द्वारा उठाए गए कदम से कोरोना के फैलने पर काफी हद तक अंकुश लगा है। नतीजा यह है कि बीते दस दिन से संक्रमण का ग्राफ नीचे की ओर है। इसे लेकर प्रशासन और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ ही आम नागरिकों ने भी राहत की सांस ली है। चिकित्सा विभाग की मानें तो संक्रमण कम जरूर हुआ है, मगर खतरा अभी नहीं टला है। ऐसे में लोग लापरवाही ना बरतें। कोरोना से बचाव के लिए जो भी निर्देश शासन द्वारा जारी किए गए हैं, उनका पालन करें।