भूखंड में दीवार बनाने पर हुआ विवाद, पुलिस ने काम रोका
सहारनपुर। घंटाघर के निकट एक प्लाट में दीवार बनाने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर कार्य को रोक दिया। एक पक्ष ने सत्ता पक्ष के नेता और उसके परिवार पर धमकी देने का आरोप लगाया। वहीं, सत्ता पक्ष नेता ने अपने ऊपर लगे आरोप झूठे बताए। एक तरफ से सपाई और दूसरी तरफ से भाजपाई थाने पहुंचे। एसपी सिटी ने तीन दिन में वार्ता कर मामला निपटाने निर्देश दिए।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि घंटाघर के निकट राजीव तलवार का प्लाट है। उसके बराबर में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष सुमित मलिक की इमारत (भवन) है। राजीव तलवार का आरोप है कि सुमित मलिक ने उनके प्लाट की तरफ खिड़कियां खोल रखी है, जो कि गलत है। दावा कि कोर्ट ने भी उनके पक्ष स्टे दिया हुआ है, लेकिन सुमित मलिक खिड़कियां बंद करने को तैयार नहीं है। शनिवार को वह प्लाट में दीवार बना रहे थे तो सुमित मलिक, उनके पिता पूर्व चेयरमैन हरीश मलिक और अमित मलिक ने इसका विरोध करते हुए धमकी दी, जिसकी वीडियो भी उनके पास है। पुलिस भी मौके पर पहुंची और काम रुकवा दिया।
इसके बाद दोनों पक्षों की नगर कोतवाली में एसपी सिटी की मौजूदगी में वार्ता हुई। राजीव तलवार की तरफ से सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रूद्रसैन, शशीबाला पुंडीर शामिल रहे तो सुमित मलिक की तरफ से भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, कृष्ण पुंडीर, मेला राम पंवार मौजूद रहे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। एसपी सिटी ने बताया कि मामला कोर्ट में चल रहा है। दोनों पक्षों को तीन दिन में वार्ता कर मामला निपटाने लिए निर्देश दिए हैं। कोई भी कानून के विपरीत जाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी तरफ भाजपा के महानगर के उपाध्यक्ष सुमित मलिक का कहना है कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप झूठे हैं। कोई भी किसी हवा पानी का रास्ता बंद नहीं कर सकता है। उनकी इमारत (भवन) 1964 की है।