फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: दूल्हों के हिंदू और दुल्हनों के मुस्लिम नामों पर हुआ विवाद

Tue, 10 Nov 2026 12:11 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
गंगोह(सहारनपुर)। दो मुस्लिम बहनों की शादी में दूल्हों के हिंदू नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। युवतियों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है हिंदू नामों को लेकर कुछ लोगों द्वारा आपत्ति जताते हुए शादी समारोह रुकवाने का दबाव बनाया जा रहा है। दोनों का निकाह 12 नवंबर 2026 को होना है।
विज्ञापन

मोहल्ला अनारकली निवासी बहनों ने कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि जिन युवकों से उनका निकाह तय है, उनके नाम हिंदू हैं। बहनों के अनुसार, दोनों युवक मुस्लिम हैं। उनके परिवारों में कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। कुछ लोग इसी बात को मुद्दा बनाकर शादी में अड़चन डाल रहे हैं। एक अज्ञात व्यक्ति ने गार्डन मालिक को फोन कर समारोह रद करने का दबाव बनाया। फोन करने वाले ने रोहित प्रधान का नाम भी लिया। इस धमकी के बाद गार्डन मालिक भी समारोह कराने से पीछे हट रहा है।
पीड़ित बहनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने कहा कि मामले में शिकायत मिली है। पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। फोन कॉल और धमकी के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी। वहीं हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान ने कहा कि उन्हें धमकी की जानकारी नहीं है। उन्होंने हिंदू नाम रखकर मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह को गलत बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें