वाहन चालक को प्रदुषण प्रमाण पत्र सौंपते परिवाहन अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत शनिवार को प्रदूषण जांच केंद्रों की चेकिंग की गई। इसके अलावा मानक से अधिक अथवा बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के चलने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरपी मिश्रा ने बताया कि वाहनों की प्रदूषण की जांच के लिए जनपद में 33 केंद्र स्थापित है, जिनमें से 17 केन्द्रों की शनिवार को चेकिंग की गई। इनमें से 15 केंद्र मानक के अनुरूप पाए गए, जबकि दो केंद्र मानक के अनुरूप नहीं मिले। इसके चलते इन दोनों प्रदूषण जांच केंद्रों के संचालकों को नोटिस दिया गया है। इसके साथ ही विभिन्न वाहनों की चेकिंग कर प्रदूषण संबंधी जांच की गई, जिसमेें 17 वाहन ऐसे पाए गए जिनके या तो प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं थे, या फिर उनके द्वारा मानक से अधिक धुआं उत्सर्जन किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए मापदंड तय किए गए हैं। इन्हें उत्सर्जन मानक कहा जाता है। इन नियमों का पालन करना सभी ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए जरूरी है। इस दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राधेश्याम, यात्री/मालकर अधिकारी खेमानंद पांडेय, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अमित सैनी तथा प्रवर्तन कर्मी मौजूद रहे।